बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए घर रखा गिरवी, मेडिकल सीट के नाम पर पिता से 1.29 करोड़ की ठगी

thagi

बिलासपुर : मेडिकल पीजी (एमडी) में दाखिला दिलाने का झांसा देकर ठगों ने बिलासपुर में करोड़ों की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। गिरोह ने एक एमबीबीएस डॉक्टर के पिता से 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए ठग लिए। बेटे को मेडिकल पीजी में दाखिला दिलाने की उम्मीद में 55 वर्षीय पिता ने एजुकेशन लोन लिया और अपना मकान तक गिरवी रख दिया। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए फर्जी अलॉटमेंट लेटर भी भेजा और लंबे समय तक उन्हें एडमिशन का झांसा देते रहे।

हैरानी की बात यह है कि इसी गिरोह ने एक अन्य डॉक्टर को भी पीजी में सीट दिलाने का भरोसा देकर 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए की ठगी की। दोनों मामलों में ठगी की कुल रकम 2 करोड़ 74 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है। करीब दो साल तक रकम वापस मिलने का इंतजार करने के बाद पीड़ित पिता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेजों की कूटरचना सहित सात धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, ठिकानों और लोकेशन की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश कर रही है।

पीड़ित के मुताबिक, उनका बेटा वर्ष 2023 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद नीट पीजी परीक्षा में शामिल हुआ था। उस दौरान नेशनल मेडिकल कमीशन की ओर से जीरो परसेंटाइल पर प्रवेश की पात्रता घोषित किए जाने के बाद बेटे ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था।

इसी दौरान अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने उनसे संपर्क किया और एमडी रेडियोलॉजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का दावा किया। शुरुआत में इसके लिए ढाई करोड़ रुपए खर्च होने की बात कही गई, लेकिन बातचीत के बाद सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ।

आरोपियों ने पिता-पुत्र का विश्वास जीतने के लिए वाट्सएप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजा। इसके बाद बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया।

जब पिता अपने बेटे के साथ मैंगलोर पहुंचे, तो आरोपियों ने वहां सीट उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाया और उन्हें बेंगलुरु ले गए। यहां एक अन्य व्यक्ति से मुलाकात कराई गई, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया। इस पूरे घटनाक्रम से पिता-पुत्र को लगा कि एडमिशन की प्रक्रिया वास्तविक है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने उनसे लाखों-करोड़ों रुपए वसूल लिए।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने इसी तरह पीड़ित के परिचित रिंग रोड निवासी एक अन्य डॉक्टर को भी निशाना बनाया। उसे मेडिकल पीजी में दाखिला दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए ठग लिए गए। वह डॉक्टर भी अपनी रकम वापस पाने के लिए आरोपियों के चक्कर काट रहा है।

बिलासपुर में मेडिकल सीट दिलाने के नाम पर ठगी का मामला पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2013 में एमबीबीएस सीट दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी की शिकायत वर्ष 2018 में दर्ज हुई थी। इस मामले में आठ साल तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 12 पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया गया था।

रीसेंट पोस्ट्स