अवैध महुआ शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला, 2 उप निरीक्षक समेत 6 कर्मचारी घायल

maarpeet

महासमुंद : महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर शराब कोचियों ने हमला कर दिया। बागबाहरा थाना क्षेत्र के बोकरामुड़ा-जामगांव में हुई इस घटना में दो आबकारी उप निरीक्षक और एक महिला कर्मचारी समेत विभाग के कुल 6 कर्मचारी घायल हो गए। आरोपियों ने टीम के सरकारी वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की।

जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान कार्रवाई से नाराज शराब कोचियों ने टीम को घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने आबकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमलावरों ने आबकारी विभाग के सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। हमले में घायल सभी 6 कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल ने फोन पर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से इस मामले में बागबाहरा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स