गर्भवती महिला का बिना सहमति कराया गर्भपात! पति और महिला डॉक्टर पर FIR, कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज

court2

बिलासपुर : बिलासपुर में गर्भवती महिला की सहमति के बिना गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। तीन महीने की गर्भवती महिला ने अपने पति और एक महिला डॉक्टर पर साजिश के तहत बेहोशी की हालत में उसका अबॉर्शन कराने का आरोप लगाया है। मामले में जिला न्यायालय ने आरोपी महिला डॉक्टर डॉ. उज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है।

यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी डॉक्टर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी। हालांकि, अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। जिला अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद अब डॉक्टर के हाई कोर्ट जाने की तैयारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस भी मामले की जांच और साक्ष्य जुटाने में लगी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर को उसका पति सुयश अग्रवाल गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने उसे बिलासपुर स्थित मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) लेकर पहुंचा था। वहां उसे भर्ती कराया गया।

महिला का आरोप है कि अस्पताल में उसे बातचीत में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कर दिया गया।

पीड़िता के मुताबिक, जब उसे होश आया तो पति ने बच्चे की हार्टबीट कम होने की बात कहकर मामले को टालने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाया है कि पति और डॉक्टर ने आपसी मिलीभगत से उसकी सहमति के बिना यह कदम उठाया।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसका पति उससे तलाक लेना चाहता था। उसे आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से पति ने डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराने की साजिश रची।

मामले में सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। शिकायत और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की बात भी कही है।

रीसेंट पोस्ट्स