Google Analytics —— Meta Pixel

मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करके आपने अपनी कमजोरी को दर्शाया-कांग्रेस नेता मनीष तिवारी

a12

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर कार्रवाई नहीं करने के लिए मनमोहन सरकार पर हमला बोला है। मनीष तिवारी ने अपनी किताब में पूर्व की कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करके आपने अपनी कमजोरी को दर्शाया। उन्होंने लिखा कि मनमोहन सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने लिखा कि एक वक्त आता है, जब कार्रवाई शब्दों से ज्यादा बोलती है। 26/11 वह समय था, जब सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी। इतना ही नहीं अपनी किताब में मनीष तिवारी ने मुंबई हमले की तुलना अमेरिका के 9/11 से करते हुए कहा कि भारत को उस समय अमेरिका की तरह ही जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए थी। बता दें कि किताब का नाम 10 Flash Points, 20 Years है।

किताब को लेकर मनीष तिवारी ने कहा यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि  मेरी चौथी किताब जल्द ही बाजार में आएगी। उन्होंने कहा कि इस किताब में पिछले 20 वर्षों में भारत ने जिन प्रमुख राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों का सामना किया है, उसका वर्णन किया गया है।

तिवारी पहले भी कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस में कन्हैया कुमार की एंट्री पर भी सवाल उठाए थे। साथ में पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता को लेकर भी  सवाल उठा चुके हैं।

मनीष तिवारी की किताब में कही गई बात पर भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट कर कहा कि मनीष तिवारी ने 26/11 के बाद यूपीए सरकार की कमजोरी की ठीक ही आलोचना की है। उन्होंने लिखा कि एयर चीफ मार्शल फली मेजर ने भी कहा था कि इस हमले के बाद वायुसेना कार्रवाई करना चाहती थी, लेकिन यूपीए सरकार ने ऐसा नहीं करने दिया।

भाजपा मुख्यालय में  राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा

मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके कांग्रेस नेता मनीष तिवारी की किताब को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस किताब से यह साबित हो गया है कि यूपीए सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को दांव पर लगा दिया था और उसे राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर भारत की अखंडता को लेकर कोई चिंता नहीं थी। भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि सारा देश कांग्रेस सरकार की इस सच्चाई को जानता था। भाजपा भी उस समय यह लगातार कहती थी। अब कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने स्वयं यह कबूल कर लिया है कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा तक को दांव पर लगा दिया था।