Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 2373 नए मरीज मिले, 10 की गई जान, मौत के आंकड़े अब भी डरा रहे

Corona

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का संक्रमण अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। तीसरी लहर का पीक गुजर गया ऐसा लग रहा है। रविवार को प्रदेश में 2,373 नए केस मिले हैं, जिसमें रायपुर में सबसे ज्यादा 374 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं कोरोना से प्रदेश में 10 लोगों की जान भी चली गई। कोरोना से मौत के आंकड़े अब भी डरा रहे हैं। रायपुर, दुर्ग, धमतरी व रायगढ़ में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। प्रदेश में अभी 25,734 सक्रिय मरीज हैं। छत्तीसगढ़ में इस महामारी से अब तक 13,834 लोगों की जान जा चुकी है।

 

स्वास्थ्य विभाग के राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को प्रदेश में 2,373 नए केस मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा रायपुर में 374 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद दुर्ग में 307, धमतरी में 213, रायगढ़ में 159, मुंगेली में 135, बलरामपुर में 113, कांकेर में 111, राजनांदगांव 102, बिलासपुर 101, कोरबा में 87, कोंडागांव में 81, जांजगीर-चांपा में 80, सरगुजा में 66, कबीरधाम में 62, बस्तर में 61, महासमुंद में 54 नए केस मिले हैं। प्रदेश के 12 जिलों में 1 से 50 व 7 जिलों मे 50 से 100 के बीच मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 25,734 हो गई है।

दुर्ग में 4 व रायपुर में 2 लोगों की मौत  
रविवार को 25 हजार 969 सैंपलों की जांच की गई। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 8.62% से बढ़कर 9.14% हो गई है। कोरोना संक्रमण से दुर्ग में 4, रायपुर में 2, राजनांदगांव, कोरबा, सूरजपुर व कांकेर में 1-1 की मौत हुई है। 25 जनवरी को 24 घंटे में सर्वाधिक 23 लोगों की मौत हुई थी, जो तीसरी लहर की सबसे बड़ी संख्या थी। हॉस्पिटल से 98 लोग डिस्चार्ज हुए तो वहीं 1,646 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। राज्य नोडिल अधिकारी डॉ. सुभाष मिश्रा ने कहा कि कोरोना का संक्रमण कम हुआ है। यह टीकाकरण का असर हो सकता है कि अचानक तेज संक्रमण के बाद भी दूसरी लहर जैसी स्थिति नहीं बनी।

रीसेंट पोस्ट्स