भूपेश कैबिनेट का बड़ा फैसला: 20 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी पर लगी मुहर, नवा रायपुर में व्यापारियों को 540 रु वर्गफीट में मिलेगी जमीन…

रायपुर। चुनाव से पहले भूपेश कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। छत्तीसगढ़ में एक नवंबर से धान की खरीदी होगी। प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। नवा रायपुर के कमर्शियल हब में व्यापारियों को 540 रु वर्गफीट में जमीन दी जाएगी। बैठक में मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बेमेतरा और कोरिया जिले के चिटफंड निवेशकों को राशि वितरण किया। कई जिलों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया।
मोहम्मद अकबर ने दी ये जानकारी
- धान एवं मक्का के उपार्जन और कस्टम मिलिंग का निर्धारण, किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान और प्रति एकड़ 10 क्विंटल मक्का की खरीदी होगी।
- कौशल्या माता विहार में मकान खरीदने पर पत्रकारों को मिलेगी 15 प्रतिशत की छूट।
- राजगामी संपदा को आबंटित भूमि में रियायत देने का निर्णय।
- मार्कफेड को धान उपार्जन के लिए शासकीय प्रत्याभूति की वैधता एक वर्ष बढ़ी।
- नेफेड के माध्यम से फोर्टीफाइड राइस कर्नेल की आपूर्ति किए जाने की सहमति।
- राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला रायपुर के अंतर्गत वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिकी राजपत्रित, द्वितीय श्रेणी) से वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिकी राजपत्रित प्रथम श्रेणी) के पद पर पदोन्नति के लिए न्यूनतम सेवा 5 वर्ष में 4 माह की ढिलाई दी गई है।
- जनसंपर्क विभाग में अपर संचालक के 03 पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-15 (वेतनमान 118500-214100) करने का निर्णय लिया गया।
- राजगामी संपदा की भूमि वाईडनर मेमोरियल स्कूल हेतु भूमि का आबंटन करने का निर्णय लिया गया।
- रत्नेश्वर कुर्मि क्षत्रिय सेवा संस्थान रतनपुर को शासकीय भूमि आबंटन और व्यवस्थापन में रियायत का निर्णय लिया गया।
- आवेदक संस्था अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज भिलाई-दुर्ग को आबंटित भूमि में रियायत प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- गोंड समाज जिला-सरगुजा को शासकीय भूमि आबंटन में रियायत प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज राजनांदगांव द्वारा सामाजिक भवन के निर्माण हेतु भूमि आबंटन प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- तहसील साहू संघ छुरिया, जिला राजनांदगांव को सामाजिक भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटित करने का निर्णय लिया गया।
- मनेन्द्रगढ़ नगरीय क्षेत्र में वर्ष 1959 के पूर्व के कब्जाधारियों को भूमि स्वामी हक प्रदाय करने का निर्णय लिया गया।
- राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6 क्रमांक 4 में संशोधन के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- ग्राम पंचायत घुमका, जिला- राजनांदगांव को नगर पंचायत बनाये जाने हेतु निर्धारित मापदण्ड में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- ग्राम पंचायत पोरथा, जिला-सक्ती को नगर पंचायत बनाये जाने हेतु निर्धारित मापदण्ड में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य हिन्दी ग्रंथ अकादमी में श्री सुदीप ठाकुर को संचालक (संविदा) नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
- रामेश्वर गहिरा गुरू प्राच्य संस्कृत महाविद्यालय कोट, जिला -बलरामपुर-रामानुजगंज को छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम 2006 के प्रावधान के अंतर्गत 100 प्रतिशत अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया गया।