टिकट नहीं मिलने पर फूट-फूटकर रोने लगे BJP के पूर्व मंत्री, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

शेयर करें

जशपुर| जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व भाजपा मंत्री गणेश राम भगत को भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा के उम्मीदवार के रूप में नामांकन के लिए चयनित नहीं किया है, और उनके एक वीडियो क्लिप जिसमें वे फफक-फफककर रो रहे हैं, वो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो रहा है। गणेश राम भगत इस वायरल वीडियो में जनजातीय सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं की बैठक में विधानसभा की टिकट नहीं मिलने पर उपस्थित लोगों को सांत्वना दे रहे थे लेकिन, भाजपा नेताओं के आश्वासन के बाद भी टिकट नहीं दिऐ जाने की बात करते हुऐ वे अपने आंसुओं को नहीं रोक सके।

जशपुर जिले में, इस वायरल वीडियो के परिणामस्वरूप, लोग भाजपा नेताओं के खिलाफ तेज़ आलोचना कर रहे हैं। जनजातीय सुरक्षा मंच के जिला अध्यक्ष रामप्रकाश पांडे ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि की है, और उन्होंने बताया कि जनजातीय सुरक्षा मंच के कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान गणेश राम भगत काफी भावुक हो गए थे, उसी का विडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

बता दें कि भाजपा ने जशपुर से रायमुनी भगत को चुनाव मैदान में उतारा है। जशपुर से तीन महत्वपूर्ण नेता टिकट की दावेदारी पेश कर रहे थे, जिनमें जनजातीय समुदाय के प्रमुख नेता गणेश राम भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत और जनपद अध्यक्ष शारदा प्रधान शामिल थे।

पार्टी ने इन तीनों उम्मीदवारों के आवेदन स्वीकार किए थे, और सर्वे भी कराया था। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस विधानसभा सीट से कोई खतरा नहीं उठाना चाहती थी। पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो पाते हैं कि जशपुर विधानसभा से भाजपा को 35 साल बाद पहली बार 8 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा था। यह तीसरी बार है जब रायमुनी भगत को जशपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के रूप में चुना गया है, और वह 2016 से 2018 के बीच राज्य महिला आयोग के सदस्य भी रही हैं। वह भाजपा की महत्वपूर्ण महिला नेता के रूप में मानी जाती हैं|

You cannot copy content of this page