दो दिन बाद आएंगे नतीजे, जीत के लिए भगवान की शरण में पहुंचे प्रत्याशी, दिल की धड़कने हुई तेज

शेयर करें

दुर्ग (चिन्तक)। विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के लिए अब दो दिन का समय शेष रह गया है। 3 दिसंबर रविवार की शाम तक यह पता चल जाएगा कि जीत का ताज किसके सिर पर बंधा है। बची हुई समयावधि में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी भगवान की शरण में भी पहुंच रहे है और प्रतिदिन पूजा पाठ व आराधना भी कर रहे हैं।

यहां गौरतलब है कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्र के लगभग सभी प्रत्याशियों की ईश्वर में आस्था है।ये सभी प्रत्याशी साल भर नवरात्रि सावन व अन्य धार्मिक आयोजनों में बराबर शामिल होते हैं लेकिन मानव जीवन कर्म पर आधारित है। कर्म के आधार पर ही आगे का भविष्य तय होता है और अच्छा कर्म करने वालों पर ईश्वर की विशेष कृपा होती है जाहिर है भगवान का आशीर्वाद भी इन्हें ही मिलेगा।

विधानसभा चुनाव का मतदान हो चुका है। जनता ने अपना निर्णय बटन दबाकर दे दिया है। प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीन में कैद हो चुका है। चुनाव में प्रत्याशियो ते लिए जनता जनार्दन ही भगवान है। जनता की भावनाओं का जिसने सम्मान किया है। सुख दुख की घड़ी में सहभागी रहकर जनता की मदद में जो आगे रहा है उसे जीत का लाभ मिलना लगभग तय है।
इधर प्रत्याशी अब भगवान से चमत्कार की आशा लगाए बैठे है और उनकी शरण में जाकर जीत की कामना कर रहे हैं। स्वयं की जीत के साथ प्रदेश में पार्टी की जीत के साथ जनता की खुशहाली की भी कामना कर रहे है। दुर्ग शहर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी अरूण वोरा ने बीते दिन शिरडी के सांई मंदिर व सिगनापुर में शनिदेव की शरण में जाकर जीत के लिए प्रार्थना की है।

भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र यादव काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए बनारस गए है। वहां उन्होने देव दीवाली में दीपदान भी किया है।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर तिरूपति बालाजी का दर्शन कर लौटे है। दुर्ग ग्रामीण के कांग्रेस प्रत्याशी निवास के समीप शिव मंदिर में आराधना कर रहे है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुन्नी मेला मे स्नान कर भगवान की विधिवत पूजा अर्चना की जा रही है। भिलाई विधानसभा के कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र यादव व प्रेम प्रकाश पांडेय भोलेशंकर की पूजा अर्चना कर रहे हैं। भगवान की कृपा किन पर बरसती है इसका खुलासा मतों की गिनती के बाद ही होगा।

कई प्रत्याशी करवा रहे है विशिष्ठ अनुष्ठान
सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार पंडितो व परिवार के सदस्यों की सलाह पर कई प्रत्याशी जीत के लिए विशिष्ठ अनुष्ठान करा रहे हैं। यह अनुष्ठान दूर दराज के मंदिरों में गुुप्त तरीके से कराया जा रहा है। इसका किसे कितना लाभ मिलेगा यह चुनाव परिणाम सामने आने के बाद ही पता चलेगा लेकिन अनुष्ठान व भगवान के दरबार में हाजिरी लगाने में भी कोई कसर बाकी नही रखी जा रही है।

You cannot copy content of this page