Google Analytics —— Meta Pixel

पुरानी रंजिश को लेकर हत्या, एक ही परिवार के 6 लोगों को जेल

23333

मुंगेली (चिन्तक)। लिम्हा गांव में पुरानी रंजिश के चलते हत्या का मामला सामने आया है। एक परिवार के 6 सदस्यों ने मिलकर एक शख्स पर लाठी-डंडे और पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उसे अधमरा कर दिया फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 26 नवंबर को लिम्हा गांव की रहने वाली परदेशनी बाई (उम्र 42 वर्ष) ने थाने में अपने पति भागवत निषाद की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसके गांव के ही रहने वाले हीरालाल ने पुरानी रंजिश को लेकर अपने बेटे सूरज निषाद, पत्नी गंगोत्री और 3 बेटियों के साथ मिलकर भागवत निषाद पर लाठी-डंडे और पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

परदेशनी बाई ने रोकने की कोशिश की तो उनपर भी हीरालाल के परिवार ने हमला कर दिया, जिसमें उनका बेटा-बेटी, बहु, देवर, घायल हो गए। पीडि़ता परदेशनी बाई की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मृतक भगवत निषाद के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मामले के आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

इस दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून से लगें पत्थर, लाठी-डंडा को जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी हीरालाल उसकी पत्नी गंगोत्री, बेटे सूरज निषाद और 3 बेटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।