रायपुर में 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण का भव्य आयोजन
रायपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में गायत्री प्रज्ञा पीठ संतोषी नगर रायपुर एवं रायपुर महानगर के गायत्री परिजनों के सहयोग से दिनांक 15 से 18 दिसम्बर 2023 तक दशहरा मैदान, छत्तीसगढ़ नगर, टिकरापारा रायपुर में होने वाले 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण हेतु आज भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम संयोजक रामकृष्ण साहू एवं जिला समन्वयक लच्छूराम निषाद ने बताया कि कलश यात्रा में पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने सिर पर जलकलश लेकर क्षेत्र का भ्रमण किया। कलशयात्रा में लगभग 2000 की संख्या में गायत्री परिजन, व नगरवासी तथा स्थानिय जनप्रतिनिधी उपस्थित रहें। इस दौरान जगह जगह विभिन्न संगठनों के द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। प्रज्ञागीतों, गायत्री मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र गायत्रीमय हो गया तथा गायत्री माता के जयकारे से पूरा नगर गूंजायमान रहा। कलश यात्रा टिकरापारा के नरैया तालाब से जल भरकर, गंगा आरती के साथ प्रांरभ हुए जो सिद्धार्थ चौक, हनुमान मंदिर, हरदेवलाला मंदिर, टिकरापारा थाना होते हुए छत्तीसगढ़ नगर दशहरा मैदान पहुंची एवं यहां शांतिकुुंज हरिद्वार से पधारे ऋषिपुत्रों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिविधान से कलश पूजन कराकर यज्ञ स्थल पर सभी कलशों को स्थापित कराया गया।