पहली बार रणजी ट्रॉफी में बना रिकॉर्ड…

शेयर करें

रायपुर| राजधानी रायपुर क्रिकेट स्टेडियम में रिकॉर्ड बना है। दरअसल, शहीद वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में असम के बल्लेबाज रियान पराग ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया। पराग ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ रणजी मैच में 56 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। ये रणजी इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। पहले स्थान पर दिल्ली के रिषभ पंत हैं, जिन्होंने 2016 में 48 गेंद पर शतक पूरा किया था।

दरअसल, असम ने चौथे दिन की शुरुआत 171/5 के स्कोर से आगे की। कप्तान रियान की टीम फॉलोऑन की वजह से अपनी दूसरी पारी खेल रही थी। रियान ने अपनी पारी में चौथे दिन सिर्फ 87 गेंद पर 155 रन बनाए। इसमें 11 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। रियान के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज अर्धशतक तक भी नहीं पहुंच पाया। हालांकि, रियान की पारी के बावजूद असम दूसरी पारी में 254 रन ही बना पाई। छत्तीसगढ़ ने मैच की चौथी पारी में 20 ओवर में ही 87 रन का आंकड़ा चेज कर लिया।

छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 327 रन बनाए थे। जवाब में असम की पहली पारी सिर्फ 159 रन पर सिमट गई थी। वहीं, उप्र के जलज सक्सेना के लिए केरल के खिलाफ मैच का आखिरी दिन खास रहा। वे घरेलू क्रिकेट में 9000 रन और 600 विकेट का डबल बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वीनू मांकड़ और मदन लाल ऐसा कर चुके हैं। रियान ने सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में लगातार 7 अर्धशतक लगाए थे। ये वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वे 510 रन के साथ हाईएस्ट स्कोरर थे।

You cannot copy content of this page