14 बच्चे पाए गए खसरे से संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप, स्कूलों में अलर्ट जारी

शेयर करें

बिलासपुर। जिले के स्कूल में खसरे का खतरा बढ़ रहा है| खसरे से 14 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं| जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है| यह मामला बिलासपुर के शासकीय प्राथमिक मुरुम खदान खमतराई स्कूल का है| खसरा फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और WHO के सदस्य मौके पर पहुंचे| टीम के सर्वे के दौरान 7 नए संक्रमित बच्चों की पहचान हुई| ये सभी बच्चे खांसी, नाक बहना, आंखों में जलन, गले में खराश, बुखार और त्‍वचा पर लाल चकत्ते से ग्रसित मिले| बच्चों का सैम्पल लेकर जांच के लिए जबलपुर भेजा गया है| इसके साथ ही जिले के सभी स्कूलों में अलर्ट जारी किया गया है|

खसरा एक बेहद संक्रामक बीमारी है, जो ‘पैरामाइक्सोवायरस’ नाम के विषाणु के संक्रमण से फैलता है| यदि खसरे से पीड़ित व्यक्ति खांसता या छींकता है, तो व्यक्ति के थूक के कणों में वायरस आ जाते हैं और हवा में फैल जाते हैं| ये किसी स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमित कर सकते हैं| खसरे के लक्षण आमतौर पर दूसरे सप्ताह के भीतर आने शुरू हो जाते हैं| खसरे से पीड़ित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से भी खसरे का संक्रमण हो सकता है|

बच्चों में इसके शुरुआती लक्षण हैं जुकाम, बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, आंखों में जलन, आंखें लाल होना| पांच से सात दिनों के बाद शरीर पर लाल दाने निकल आते हैं| कई बार मुंह में सफेद दाग भी नजर आने लगते हैं|

खसरे के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें| ब्लड टेस्ट से रोग का पता चलने पर दवाई खाना शुरू करें| घरेलू नुस्खों के झांसे में न आएं, क्योंकि इससे बीमारी बढ़ सकती है और निमोनिया हो सकता है|

You cannot copy content of this page