पिछले 14 सालों में हुए 1582 नक्सली हमले, जानें छत्तीसगढ़ में 3 महीनों में कितने नक्सली हुए ढेर?

शेयर करें

कांकेर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कांकेर में हुई जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़‌ में जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांकेर में जवानों ने 29 नक्सली को मौत के घाट उतार दिया है। नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता‌ ने छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक हलचल मचा दी है। इस कामयाबी के बाद केंद्र ने छत्तीसगढ़ पुलिस की पीठ थपथपाई है। इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों के जाबाजी की तारीफ की है। शाह ने कहा कि नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई का यह बड़ा उदाहरण निकलकर सामने आया‌ है। सरकार के चलाए जाने वाले अभियान का परिणाम अब नजर आने लगा है।

3 महीने में मारे गए 80 से ज्यादा‌ नक्सली

प्रदेश में भाजपा की‌ सरकार की‌ वापसी के बाद लगातार नक्सली अभियानों में तेजी‌ देखी गई है। छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले तीन महीने के भीतर 80 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। इस बीच‌ 125 नक्सली अरेस्ट हुए हैं तो वहीं 150 माओवादियों ने सरेंडर किया है। साय सरकार ने भी प्रदेश में पीएम मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेकने की बात कही है।

10 राज्यों में 70 जिले नक्सल प्रभावित

देशभर में अलग-अलग राज्यों में नक्सल प्रभावित इलाकों की बात‌ करें तो देश के 10 राज्यों में 70 जिलों में नक्सलवाद का प्रभाव है। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य झारखंड जहां 16 जिले हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित 14 जिले शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित जिलों की‌ बात‌ करें तो बस्तर, बलरामपुर, गरियाबंद, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, धमतरी, कोंडागांव, महासमुंद, राजनांदगांव, कवर्धा और मुंगेली शामिल है।

पिछले 14 सालों में हुए 1452 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ में पिछले 14 सालों में हुए नक्सली हमलों की बात करें तो यहां अन्य राज्यों की अपेक्षा सबसे ज्यादा नक्सली मुठभेड़ की खबरें सामने आती रहती हैं। जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ में पिछले 14 सालों के भीतर 1582 नक्सली मुठभेड़ हुई है। इन मुठभेड़ के दौरान 1452 नक्सली मारे गए हैं। इस बीच 1002 आम नागरिकों की भी मौत हुई है। वही इन हमलों में 1222 जवान शहीद हो चुके हैं।

You cannot copy content of this page