निगम की स्पैरो कंपनी ने 11 दिन की टेक्स वसूली की राशि नही कराई जमा, साफ्ट वेयर हार्डडिस्क लेकर गायब हुए अधिकारी कर्मचारी, करोड़ो की गड़बड़ी की आशंका

शेयर करें

दुर्ग(चिन्तक)। शहरवासियों से संपत्ति कर व जल कर की वसूली कर रही स्पैरो कंपनी मार्च माह के आखरी ग्यारह दिनों की राशि जमा कराए बिना रफू चक्कर हो गई है। कंपनी ने 31 मार्च से अपने कार्यालय में ताला लगा दिया है। कंपनी के कर्ताधर्ता साफ्टवेयर व हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गये है। इससे निगम के राजस्व महकमे मेंं हड़कंप मचा हुआ है।
यहां गौरतलब है कि पिछले कई वर्षो से स्पैरो कंपनी नगर निगम के संपत्तिकर व जलकर की वसूली शहर के साठ वार्डो से कर रही थी। स्पैरो कंपनी को टेक्स वसूली के एवज में कमीशन मिलता था।

नगर निगम ने 31 मार्च से स्पैरो कंपनी के साथ टेक्स वसूली के अनुबंध को समाप्त कर दिया है। अब अप्रेल महीने से नगर निगम का राजस्व विभाग शहर की जनता से टेक्स की वसूली करेगा। स्पैरो कंपनी को काम खत्म करने के साथ ही पूरा हिसाब किताब देना था लेकिन पता चला है कि स्पैरो कंपनी द्वारा राजस्व विभाग को केवल ऐसे दस्तावेज ही उपलब्ध कराए है जिसमें केवल करदाताओं के नाम है। इन करदाताओ ने कितना टेक्स जमा कराया है कितनी राशि वसूल की जानी शेष है इसकी कोई जानकारी नही दी गई है।

सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार 20 मार्च से 31 मार्च तक स्पैरो कंपनी ने हजारो की संख्या में करदाताओं से जो करोड़ो रूपए की राशि वसूल की है इसे भी निगम के लेखा शाखा में जमा नही कराया गया है।
स्पैरो कंपनी के कर्ताधर्ता अपना साफ्टवेयर हार्डडिस्क भी अपने साथ ले गये है। जिसमें करदाताओं की विस्तृत जानकारी है। इस अवस्था में 20 मार्च से 31 मार्च तक टेक्स जमा कराने वालों के समक्ष परेशानी पैदा हो सकती है।

किवार कंपनी भी भागी थी काम छोड़कर
नगर निगम में लंबे समय तक किवार कंंपनी भी सफाई का काम कर रही थी। सफाई का काम और पांच सौ कर्मचारियोंं को छोड़कर भाग गयी थी। इससे निगम को भारी नुकसान हुआ था। स्पैरो कंपनी के नदारत हो जाने से बड़ा आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। पता चला है कि राजस्व विभाग के लोग स्पैरो कंपनी में कार्यरत लोगों की पता साजी कर रहे है। कंपनी के टेक्स की वसूली के लिए स्थानीय लोगो को रखा था भविष्य में नगर निगम कंपनी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करा सकती है।

 

You cannot copy content of this page