दुर्ग लोकसभा के लिए भूपेश व ताम्रध्वज अब मतदान तक उपलब्ध, कांग्रेस व भाजपा में मुकाबला हुआ दिलचस्प, कांटे की टक्कर की संभावना

शेयर करें

दुर्ग(चिन्तक)। दूसरे चरण का मतदान खत्म हो जाने के बीद तीसरे चरण में शामिल दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होने आसार बढ़ गए है। दुर्ग लोकसभा के लिए मतदान 7 मई को होना है। चूंकि दूसरे चरण में राजनांदगांव व महासमुंद का मतदान खत्म हो गया है। इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री व पाटन विधायक भूपेश बघेल व पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू की अब 7 मई तक दुर्ग में मौजूदगी रहेगी।
यहां गौरतलब है कि दुर्ग लोकसभा की नौ विधान सभा में दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण, वैशाली नगर, अहिवारा साजा बेमेतरा व नवागढ़ में भाजपा के विधायक है केवल पाटन व भिलाई नगर मे कांग्रेस के विधायक है । दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू ने प्रचार प्रसार व जनसंपर्क में प्रभावी प्रदर्शन किया है।

साहू समाज से भी श्री साहू को व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त सतनामी समाज मुस्लिम समाज ईसाई समाज कांग्रेस के परंपरागत वोट में शामिल है। कुर्मी समाज में भी राजेन्द्र साहू की पकड़ मजबूत बताई जा रही है। भूपेश बघेल के आने के बाद नया समीकरण बनेगा। ताम्रध्वज साहू भी साहू समाज के साथ दुर्ग ग्रामीण में पूरी तरह से सक्रिय हो जायेंगे। दुर्ग शहर में पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आर.एन.वर्मा लाव लश्कर के साथ जनसंपर्क में सक्रिय है। श्री वोरा विधानसभा से ज्यादा लोकसभा चुनाव में मेहनत कर रहे हैं।

महापौर धीरज बाकलीवाल व सभापति राजेश यादव सुबह से लेकर रात तक पार्षदों के साथ वार्ड में सक्रिय है। युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संदीप वोरा, युंकाध्यक्ष आयुष शर्मा के साथ सक्रिय है। एन.एस.यू.आई के प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू साहू भी सक्रिय है। इसके अतिरिक्त राजेन्द्र साहू की एक अलग टीम काम कर रही है। राजेन्द्र साहू को पिछले दो बार महापौर व विधानसभा के चुनाव में षडय़ंत्र पूर्वक तरीके से हरा दिया गया था। इसकी सहानूभूति भी श्री साहू के साथ जुड़ गई है। श्री साहू दुर्ग शहर की खाई को पाटने की स्थिति में पहुंच गए है। इसके अतिरिक्त पाटन दुर्ग ग्रामीण साजा नवागढ़ बेमेतरा व अहिवारा में भी कांग्रेस जनों की मेहनत जारी है। भिलाई और वैशाली नगर के लिए कांग्रेस रणनीति बनाकर काम कर रही है।

शाह की सभा के बाद भाजपा में बढ़ा जोश
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजय बघेल को जीत दिलाने के लिए दुर्ग में गजेन्द्र यादव दुर्ग ग्रामीण में ललित चंद्राकर युध्द स्तर पर सक्रिय है। भिलाई में पूर्व विधायक प्रेमप्रकाश पाण्डे तथा वैशाली नगर में रिकेश सेन और अहिवारा में डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने मोर्चा संभाल लिया है। मंत्री दयालदास बघेल नवागढ़ में डटे हुए है।

बेमेतरा में अमित शाह की सभा के बाद भाजपाईयों का जोश बढ़ गया है। भाजपा प्रचार प्रसार व जनसंपर्क में जितनी मुश्तैद है। उतनी मुस्तैदी मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने में दिखा पाएगी या नहीं इसका पता आने वाले समय में चलेगा । पाटन में जिला भाजपाध्यक्ष जीतेन्द्र वर्मा ने मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल को मोदी लहर का भरोसा है। अब मतदान तक हर दिन नया समीकरण के बनने के पूरे आसार है। कांग्रेस व भाजपा में मुकाबला कांटे का बनता नजर आ रहा है।

 

रीसेंट पोस्ट्स

You cannot copy content of this page