भूपेश और ताम्रध्वज की मौैजूदगी से कोई फर्क नही पड़ेगा – ललित, दुर्ग से भाजपा की जीत तय

शेयर करें

दुर्ग (चिन्तक)। विधानसभा चुनाव में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनाव लडऩे की चुनौती देने वाले पूर्व मंत्री कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को चुनावी मैदान में चारो खाने चित्त करके भाजपा विधायक ललित चंद्राकर दुर्गलोकसभा के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल को भारी बढ़त दिलाने दृढ़ संकल्पित है।

स्वभाव से सरल सहज और मिलनसार श्री चंद्राकर अपने निवास में पहुंचे प्रत्येक लोगो से स्वयं मिलते है। अपने विधानसभा की जनता को तकलीफ से अवगत कराने अपना मोबाइल नंंबर भी दे रखा है। जनता से सीधे संंवाद बनाए रखने का यह अंदाज लोगों को लुभा रहा है। दैनिक चिन्तक ने श्री चंद्राकर से कुछ सवाल किए जिसका उन्होने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
0 दुर्ग ग्रामीण में अब तक किए गये जनसंपर्क से क्या देखने को मिल रहा है। क्या भाजपा को बढत मिलेगी।
00 ग्रामीण क्षेत्र के किसान धान खरीदी के एक मुश्त भुगतान से खुश है। पिछली सरकार किश्तो मेंं भुगतान करती थी इसका पैसा पता नही चलता था अब एक साथ मिलने से वे अपनी रकम का सही उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र की माताएं बहने महतारी वंदन योजना के लाभ से खुश है। दुर्ग ग्रामीण से भाजपा को भारी बढ़त मिलेगी।

0 कांग्रेस ने महिलाओं को एक साल से एक लाख रू. देने का वादा अपने घोषणा पत्र में किया है इसका क्या असर पड़ेगा?
00 इसका कोई असर नही पड़ेगा। महिलाएं जानती है कि कांग्रेस एक लाख देने का भ्रमजाल फैलाकर इनका वोट पाना चाहती है। महिलाओं को यह भी पता है कि कांग्रेस केन्द्र में सत्तासीन होने वाली नही है। पिछली सरकार ने महिलाओं को पांच सौ रूपए देने के वादा किया था। पांच साल शासन मेंं रही लेकिन पैसा नही दिया।
0 दुर्ग लोकसभा के साथ प्रदेश की ग्याह सीटो में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहेगा?
00 लोकसभा का चुनाव राष्ट्रीय स्तर का चुनाव है। दुर्ग लोकसभा के साथ पूरे प्रदेश की जनता इस तथ्य से भली भांति वाकिफ है कि देश में प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने भारत की साख विश्व जगत में बनाई है। देश मेंं प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ही एक सक्षम नेता है। दुर्ग लोकसभा के साथ पूरी ग्यारह सीटों पर भाजपा की ही जीत होगी।
0 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान खत्म होने के बाद पूर्व मुख्यमंंत्री भूपेश बघेल व पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग लोकसभा में सक्रिय रहेंगे इसका क्या कोई असर पड़ेगा?
00 दुर्ग लोकसभा की जनता किसे वोट देना है इसकी मानसिकता बना चुकी है। पूर्व मुख्यमंंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति से कोई विशेष फर्क नही पड़ेगा। उनके विधानसभा क्षेत्र पाटन से भी हम बढत बनाएंगे। पूर्वमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में विकास की जगह भ्रष्टाचार करके दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की जनता को जो दर्द दिया है इसकी भरपाई वो कभी नही कर पाएंगे। उन्होने अपने कार्यकाल में केवल जनता को उपेक्षित ही किया है।

0 दुर्ग लोकसभा में साहू समाज की बहुलता है कांग्रेस के प्रत्याशी साहू समाज से है इसका क्या प्रभाव पड़ेगा ?
00 वर्तमान में कांग्रेस से ज्यादा भाजपा से साहू समाज जुड़ा हुआ है। साहू समाज के लोग राष्ट्रवादी है। राष्ट्र के भविष्य को देखकर ही मतदान करते है। दुर्ग लोकसभा में साहू समाज के दो विधायक है। साहू समाज की भाजपा सरकार में अभूत पूर्व भागीदारी है।
0 कांग्रेस के न्याय घोषणा पत्र के विषय में क्या कहेंगे?
00 भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस के घोषणा पत्र पर जनता को कोई भरोसा नही। अयोध्या में भगवान राम का दर्शन करने से परहेज करने वाले कांग्रेस के नेता वोट बैंक की राजनीति करते है। भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा 370 को हटाकर देश की सीमा को सुरक्षित किया है। भाजपा सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम करती है। मुफ्त अनाज रहने के लिए मकान, आयुष्मान कार्ड से इलाज, उज्जवला योजना, आत्म निर्भर भारत बनाने कम ब्याज पर ऋण की सुविधा सहित सैकड़ो कार्य भाजपा सरकार की देन है जिसका लाभ देश की जनता को मिल रहा है।

 

You cannot copy content of this page