Google Analytics —— Meta Pixel

जूनियर महिला एशिया कप 2024 : चीन को रौंदकर चैंपियन बनी भारत, सीएम साय बोले- हमारी बेटियां, हमारा गर्व!

17-Des-03-860x484

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप 2024 का खिताब जीत लिया है। 15 दिसंबर 2024 को खेले गए फाइनल मैच में भारतीय हॉकी टीम ने चीन को मात दी। टीम इंडिया ने पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से जीत हासिल की। यह मुकाबला पहले 1-1 की बराबरी पर था। इसके बाद शूटआउट में भारत ने चीन को रौंदकर ये मैच जीता। भारत के लिए साक्षी राणा, मुमताज खान और इशिका ने कमाल का प्रदर्शन किया। गोलकीपर निधि ने भी जीत में अहम रोल निभाया। इस जीत बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी बेटियां हमारा गर्व हैं।

भारत बनाम चीन के बीच खेले गए महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2024 के फाइनल मैच में चीन के लिए जिनझुआंग तान (30) ने पहला गोल किया, लेकिन कनिका सिवाच (41) ने भारत के लिए तीसरे क्वार्टर में बराबरी का गोल किया, जिससे मैच पेनल्टी शूटआउट में चला गया। इसके बाद भारत की गोलकीपर निधि ने पेनल्टी शूटआउट के दौरान तीन अहम बचाव किए, जिससे टीम को ये खिताब जीतने में मदद मिली।

पेनल्टी शूटआउट में भारत के लिए साक्षी राणा, इशिका और सुनीता ने गोल किए। गोलकीपर निधि ने लिहांग वांग, जिंगी ली और डंडन जूओ के खिलाफ तीन बचाव किए और भारत की जीत पक्की की। इस तरह शूटआउट में भारत ने चीन को रौंदकर लगातार दूसरी बार ये खिताब जीता। जीत के बाद हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी के लिए 2 लाख रुपये और प्रत्येक समर्थन स्टाफ को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की। इससे पहले भारत ने जापान पर 3-1 से जीत हासिल कर फाइनल में एंट्री की थी, जबकि चीन ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरियरा को हराया था।

सीएम साय ने दी बधाई
भारतीय महिला टीम की जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी बेटियां हमारा गौरव। महिला जूनियर एशिया कप 2024 का खिताब जीतकर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई! आपकी यह ऐतिहासिक जीत भारत के युवाओं के आत्मविश्वास और संकल्प को मजबूत करेगी। यह जीत देश-प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी। आपकी इस उपलब्धि पर पुनः आप सभी को ढेरों शुभकामनाएं! जय हिंद, जय भारत!