घी मांगने पर कुल्हाड़ी से फोड़ डाला पत्नी का सिर, डब्बे में ताला लगाता है पति

ग्वालियर| मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पति ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का सिर फोड़ दिया। उसने पत्नी को गंदी-गंदी गालियां भी दी। दरअसल, महिला ने पति से घी मांगा था। वह अपनी बेटी को रोटी में घी लगाकर खिलाना चाहती थी। महिला का आरोप है कि उसका पति घी के डब्बे में हमेशा ताला लगाकर रखता है। महिला की पहचान सीमा शाक्य के रूप में हुई है। यह बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के किशनबाग इलाके की घटना है।

कुल्हाड़ी के वार से घायल हुई सीमा शाक्य का आरोप है कि उसने अपनी तीन साल की बच्ची के लिए पति से घी मांगा। इस पर उसने उसकी पिटाई कर दी और सिर फोड़ दिया। शिकायत लेकर पीड़ित महिला अपनी बेटी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। वहीं पुलिस अधिकारी ने उसकी शिकायत पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।

दरअसल, सीमा शाक्य अपने पति वीरेंद्र शाक्य के साथ रहती है। उनकी 3 साल की बेटी भी है। दोनों पति-पत्नी मजदूरी करने का काम करते हैं। सीमा घायल हालत में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिटी सेंटर पहुंची। सीमा का कहना है कि पति रात में रोटी में घी लगाकर खाना खा रहा था। खाना खाने के बाद उसने घी के डब्बे में ताला लगा कर रख दिया। जब उसने अपनी 3 साल की बेटी के लिए घी मांगा तो उसने गुस्से में आकर गाली-गलौज कर कुल्हाड़ी सिर में मारकर उसे घायल कर दिया।

महिला ने बताया कि पति उसे ताना मारता है कि वहां घी अपने मायके से लेकर आई है क्या। बेटी होने की वजह से वह ऐसा अत्याचार उस पर करता रहता है। पति के अत्याचार से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में महिला अपनी फरियाद लेकर आई है। वहीं पुलिस अधिकारी ने उसकी बात को सुन उसके पति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

रीसेंट पोस्ट्स