दूध में जहर मिलाकर बच्ची को पिलाया और खुद भी पिया, दोनों की मौत


कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी दुधमुही बच्ची को जहर मिला दूध पिलाया और खुद भी पी लिया। इससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची तो पता चला कि महिला अपने पति के एक्सट्रा मैरिटल अफेयर से परेशान थी। इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मामला जिले के कोडेकुर्से थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना 6 मई की है। ग्राम दुर्गुकोंदल की रहने वाली जयंती बाई कुंजाम अपने पति गणेश कुंजाम के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से परेशान थी। 6 मई को जयंती अपनी बच्ची को लेकर पति की प्रेमिका सुनीता उइके के घर गई थी। बताया जा रहा है यहां पर दोनों का विवाद हो गया। वहां से वापस लौटने के बाद उसने खेतों में डालने वाली कीटनाशक बच्ची को दूध में मिलाकर दे दिया और खुद भी पी लिया। इससे दोनों की उसी रात मौत हो गई।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मृतका जयंती ने जहर पीने के बाद अपनी बड़ी बेटी रूद्राक्षी को फोन कर बताया। इसके बाद उसने तुरंत एंबुलेंस भी बुलाया लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। वहीं इस पूरे मामले में मृतका की बहन गीता वड्डे ने आरोप लगाया कि उसके जीजी की प्रेमिका सुनीता की प्रताडऩा के कारण जयंती ने यह कदम उठाया। सुनीता उइके ने उसकी बहन को आत्महत्या के लिए मजबूर किया इसलिए उसने यह कदम उठाया।