अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 26 नक्सली ढेर, 20 के शव बरामद

naksal

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए। सुरक्षाबलों ने 20 नक्सलियों के शव भी बरामद कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है। कई नक्सलियों के शव और भारी संख्या में हथियार भी बरामद किया गया है। वहीं इस मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हो गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के बोटेर में नक्सलियों का पोलित ब्यूरो सदस्य और नक्सल संगठन का महासचिव डेढ़ करोड़ का इनामी बसवा राजू मौजूद है। इसके साथ बड़े लीडर्स के होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी की। बुधवार की सुबह दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। खबर लिखे जाने तक 20 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए। वहीं 26 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

बता दें पुलिस ने 7 दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्रेगुट्टा ऑपरेशन की जानकारी दी थी। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर स्थित कर्रेगुट्टा के पहाड़ों पर सुरक्षाबलों ने 24 दिनों तक चले ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें 16 महिला और 15 पुरुष नक्सली शामिल हैं। इसके बाद बुधवार को फिर से सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि अभी मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।