अबूझमाड़ मुठभेड़ अपडेट: मारा गया टॉप नक्सल चीफ बसवा राजू! 1.5 करोड़ का था इनाम
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ जंगल में चल रहे सबसे बड़े ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 1.5 करोड़ के इनामी नक्सली बसवा राजू को मार गिराया है। साथ ही 27 नक्सली को भी ढेर कर दिया है। जवानों ने कुछ माओवादियों के शव और मौके से एके-47 समेत कई अन्य हाईटेक हथियार भी बरामद किये हैं। मारा गया इनामी नक्सली बसवा राजू अबूझमाड़ के बोटेर में नक्सलियों का पोलित ब्यूरो सदस्य और नक्सल संगठन का महासचिव था।
बताया जा रहा है कि बसवा राजू नक्सली संगठन को हथियार सप्लाई करने, नक्सल रणनीति बनाने में माहिर था। बताया जाता है कि उसकी तलाश में कई राज्यों की पुलिस लगी हुई थी। नक्सली गणपति के बाद वह नक्सल संगठन की कमान संभाल रहा था।
दरअसल, नक्सलियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर के माओवादियों के होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर डीआरजी नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के सुरक्षाबल अबूझमाड़ में ऑपरेशन के लिए निकले थे। आज सुबह जवानों को जंगल में आते देख माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी नक्सलियों को करारा जवाब दिया। दोनों तरफ से रूक-रूककर फायरिंग हो रही है।
बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में 27 माओवादी मारे गये है। मारे गये माओवादियों में बसवा राजू के अलावा बड़े कैडर के कुछ और नक्सली भी शामिल है। जवानों ने मौके से एके-47 सहित कई हाईटेक हथियार बरामद किये है।
फिलहाल मारे गए माओवादियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद इसकी जानकारी पुलिस द्वारा दी जाएगी।