रायपुर AIIMS के डॉक्टर से महिला ने 46 लाख ठगे, मैट्रिमोनियल साइट में हुईं थी पहचान


रायपुर । एम्स के एक डॉक्टर से मैट्रिमोनियल साइट की एक महिला ने 46 लाख रुपए ठग लिए है। डॉक्टर और महिला के बीच शादी की बातचीत हुई। महिला ने डॉक्टर को कहा कि हम दोनों मिलकर भविष्य में एक अस्पताल खोलेंगे। डॉक्टर ने इस बात पर विश्वास कर लिया। फिर महिला के बताए मुताबिक, एक ट्रेडिंग साइट में 17 बार ट्रांजैक्शन कर रुपए इन्वेस्ट कर दिए। जब पैसे रिटर्न नहीं मिले तो उसे ठगी का एहसास हुआ।

यह पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार रोहित ने थाने में शिकायत दी। जिसमें बताया कि वह जैनम प्लेनेट टाटीबंध में रहता है। AIIMS अस्पताल में डॉक्टर हैं। करीब 2 महीने पहले एक मैट्रिमोनियल साइट में उसकी डॉक्टर राधिका मुखर्जी नाम की तथाकथित महिला से जान पहचान हुई थी। महिला व्हाट्सएप कॉल पर बात करती थी। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हो रही थी।
महिला ने बताया-फ्यूचर की प्लानिंग
इस बीच महिला ने राहुल को एक फॉरेक्स ट्रेडिंग साइट प्लस 500 ग्लोबल सीएस के बारे में बताया। फिर कहा कि इसमें पैसा इन्वेस्ट करो। इन पैसों का भविष्य में गुजरात के अहमदाबाद में मिलकर हम अस्पताल खोलेंगे। पहले तो रोहित ने मना कर दिया। लेकिन ठग महिला उसके ऊपर लगातार दबाव डालती रही। जिसके बाद वह झांसे में आ गया। लेकिन रोहित ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं।
30 लाख रुपए लिए लोन
महिला के बार-बार बोलने के बाद रोहित ने बैंक से 30 लाख रुपए लोन लिया। इसके अलावा करीब 16 लाख रुपए और इकट्ठे किए। फिर 3 अप्रैल 2025 से 14 मई 2025 के बीच 17 बार ट्रांजैक्शन करके ट्रेडिंग साइट में इन्वेस्ट कर दिया। यह पैसे अलग-अलग बैंकों में ट्रांसफर करवाए गए। इनमें ट्रांजैक्शन अमाउंट 50 हजार रुपए से लेकर 9 लाख रुपए तक है। जिसके बाद साइट में मुनाफा मिलाकर करीब 1 करोड रुपए दिखने लग गए।
स्कैम का हुआ शक
डॉक्टर रोहित ने जब इन रुपयों को निकालने की कोशिश की। तो वह सफल नहीं हो पाया। उसे अपने साथ स्कैम होने का शक हो गया। उसने महिला से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद आना चालू हो गया। हालांकि डॉक्टर का कहना है कि उसका व्हाट्सएप अब तक चालू है। इस मामले में आमानाका थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही हैं।