Google Analytics —— Meta Pixel

कोयला चोरी करने गए दो की मौत, सुरंग के धसकने से दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

koylaa

कोरबा। कोरबा में गेवरा खदान में अवैध कोयला खनन करने गए ग्रामीणों के ऊपर मलबा धसक गया। ग्रामीणों ने अवैध खनन करने के लिए सुरंग बनाई थी। जिसके धसकने से कई ग्रामीण दब गए। हादसे में अब तक 2 ग्रामीणों की मौत की खबर मिल रही है। वहीं एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल भर्ती करवाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

एसईसीएल के गेवरा माइंस का सद्भभावना फेस हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार से लगा हुआ है। यहां ग्रामीणों के द्वारा अवैध रूप से खनन किया जाता है। गांव से लगा होने की वजह से आसानी से ग्रामीण कोयले के बड़े-बड़े पत्थर निकाल कर तस्करी करते है। इसके लिए उन्होंने सुरंगनुमा स्थान बना दिया था। जिसमें से वह कोयला खदान से कोयला निकालते थे।

आज सुबह ग्रामीण फिर से कोयला खनन करने के लिए पहुंचे हुए थे। सुरंग में घुसकर कोयला खनन करने के दौरान सुरंग का ऊपरी हिस्सा धंस गया। जिसके चलते नीचे कोयला निकालने सुरंग में घुसे ग्रामीण दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर एसईसीएल प्रबंधन और पुलिस के साथ ही जिला प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू में जुट गए। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ भी खदान के आसपास जुट गई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो ग्रामीणों के शव पाए गए। मृतकों के नाम विशाल यादव 18वर्ष और धनसिंह कंवर 24 वर्ष हैं। वहीं एक ग्रामीण को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक का नाम साहिल धनवार 19 वर्ष है। और भी ग्रामीणों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन ने के साथ ही मौके पर मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने कई अस्पतालों को भी अलर्ट मोड़ पर रखा है। अभी और भी ग्रामीणों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू जारी है|