Google Analytics —— Meta Pixel

महतारी वंदन योजना पर सियासत! सरकार पर लगे तीन माह में एक बार राशि देने के आरोप

01_08_2024-mahtari_vandan_2024

रायपुर| छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना पर एक बार फिर से सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीन माह में एक बार राशि देने का आरोप लगाया है। इस पर भाजपा का कहना है कि कांग्रेस झूठ बोल रही है ।

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना महतारी वंदन पर एक बार फिर से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार इस योजना को लेकर अभी से हाथ खड़े कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कहना है कि सरकार ने 3 माह की महतारी वंदन की राशि रोककर रखी थी । कांग्रेस का बयान जारी होने के बाद राशि जारी की गई है। इससे पता चलता है सरकार अभी से हांफने लगी है। योजना का पोर्टल खोलना भी सरकार की मजबूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से आवेदन आ रहे इसलिए सरकार को पोर्टल खोलना पड़ रहा है।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के इस पर आरोप पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निरर्थक आरोप लगा रही है। महतारी वंदन योजना की 16 वीं किस्त जारी हुई है। कांग्रेस ने 5 साल तक महिलाओं को ठगा है। महिलाओं के साथ कांग्रेस ने अन्याय किया है। कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

अब कौन झूठ बोल रहा है और कौन सच ये तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन ये तय है कि जिस योजना की वजह से छत्तीसगढ में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी, उसको लेकर साय सरकार पूरी तरह से गंभीरता दिखाना चाह रही है और कांग्रेस इस पर कड़ी नजर रखे हुए पोल ढूंढने में लगी है। साथ ही य​ह बात भी तय है कि करीब डेढ़ साल बाद भी प्रदेश की लाखों महिलाएं इस योजना के लाभ से वंचित हैं और वे आस लगाए बैठी हैं कि सरकार कब दुबारा आवेदन पोर्टल खोले वे भी इस योजना का लाभ उठा सकें।