गुटखा फैक्ट्री में जीएसटी का छापा, दस्तावेजों की जांच में टैक्स चोरी के मिले साक्ष्य, 2 लाख रुपये का ठोका जुर्माना
दुर्ग। छत्तीसगढ़ का स्टेट जीएसटी विभाग एक्शन में है। विभाग ने कर चोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले के गनियारी गांव स्थित जालबांधा रोड पर संचालित सितार गुटखा फैक्ट्री में बुधवार की रात जीएसटी विभाग की टीम ने दबिश दी।
पिछले पांच वर्षों से चल रही इस फैक्ट्री में टीम ने फैक्ट्री संचालक की मौजूदगी में लगभग दो घंटे तक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान जीएसटी चोरी से जुड़े अहम साक्ष्य मिलने पर विभाग ने फैक्ट्री संचालक पर 2 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है।
बता दें कि जीएसटी की कार्रवाई के बाद फैक्ट्री संचालक फैक्ट्री में ताला लगाकर वहां से रुखसत हो गया। यह कार्रवाई राज्य में अवैध गुटखा बनाने और बेचने की शिकायत मिलने पर कमिश्नर पुष्पेंद्र मीणा के निर्देश पर स्टेट जीएसटी की टीम ने की।
राज्यभर में एक्शन मोड में जीएसटी विभाग
जीएसटी विभाग की यह कार्रवाई एक व्यापक अभियान का हिस्सा है। पिछले दो दिनों से कपड़ा और फर्नीचर सेक्टर पर निगरानी के बाद, बुधवार को छत्तीसगढ़ के 6 जिलों – रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, जगदलपुर, बिलासपुर और कोरबा में फुटवेयर सेक्टर पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की गई।
टीम ने कुल 17 डीलरों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा और इस दौरान 2.5 करोड़ की टैक्स वसूली की गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इंटेलिजेंस इनपुट से यह जानकारी मिली थी कि इन डीलरों ने जीएसटी टैक्स जमा नहीं किया है, जिसके चलते ये दबिशें दी गईं।