मेडिकल कॉलेज मान्यता में रिश्वतखोरी, सीबीआई ने छत्तीसगढ़ समेत 6 राज्यों में मारा छापा, 3 डॉक्टर सहित 6 गिरफ्तार
रायपुर। मेडिकल कॉलेजों में मान्यता दिलाने के बदले रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और दिल्ली में 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। छत्तीसगढ़ से तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, नवा रायपुर से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, कॉलेज को मेडिकल काउंसिल से मान्यता दिलाने के लिए डॉक्टरों और बिचौलियों के गठजोड़ ने वैधानिक निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित किया और इसके बदले मोटी रिश्वत वसूली की गई। गिरफ्तार किए गए।
आरोपियों में डॉ. अशोक डी. शेल्के, डॉ. मंजप्पा और चित्रा मदनहल्ली के नाम प्रमुख हैं। सीबीआई ने जाल बिछाकर रिश्वत लेते रंगे हाथों 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें संस्थान के पदाधिकारी, निरीक्षण करने वाले डॉक्टर और बिचौलिए शामिल हैं।
एजेंसी ने बताया कि आरोपियों ने निरीक्षण रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के लिए कई रणनीतियां अपनाईं और निरीक्षण प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण तरीके से प्रभावित किया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को 2 जुलाई 2025 को रायपुर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई की यह कार्रवाई देशभर में मेडिकल शिक्षा संस्थानों की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जांच एजेंसी अब इस पूरे रैकेट में और लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।