Google Analytics —— Meta Pixel

इंदिरा मार्केट की इस दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

khatri

दुर्ग। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र इंदिरा मार्केट में बुधवार सुबह एक बार फिर आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। इस बार खत्री इलेक्ट्रिकल्स की नव-निर्मित दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही 6 फायर ब्रिगेड की गाडिय़ाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं, और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह इंदिरा मार्केट में लगातार दूसरी आगजनी की घटना है। एक दिन पहले (मंगलवार) ही इसी बाजार की एक बैग और बेल्ट की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी,जिस में लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक गजेन्द्र यादव व पूर्व विधायक अरुण वोरा घटना स्थल पर पहुंचे । विधायक गजेन्द्र यादव का कहना था कि पीओपी के अण्डरग्राउन्ड कनेक्शन होने के कारण शार्टसर्किट की संभावना बन जाती है। उन्होने क्षेत्र के व्यापारियों से विद्युत कनेक्शन को पीओपी से अलग रखने का अनुरोध किया है। उन्होने कहा कि अण्डरग्राउन्ड होने के कारण इसका पता नहीं चल पाता और अचानक आग विकराल रुप ले लेती है। उन्होंने व्यापारियों से अपने-अपने व्यवसाय की सुरक्षा के लिए सजग रहने की अपील की है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पूर्व विधायक अरुण वोरा को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लिया.उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में जुटे कर्मचारियों से जानकारी ली और दुकानदारों को ढांढस बंधाया। अरुण वोरा ने कहा, ईश्वर की कृपा रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। यह बहुत बड़ी दुर्घटना बन सकती थी, लेकिन समय रहते बचाव कार्य शुरू हो गया और हालात नियंत्रण में आ गए।

वोरा ने शासन-प्रशासन से अपील करते हुए कहा, बारिश के मौसम में ट्रांसफार्मर और बाजार क्षेत्रों की सभी वायरिंग की गहन जांच कराई जाए। ढीली वायरिंग और लापरवाह रखरखाव, बड़ी दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। स्थानीय व्यापारियों ने भी बाजार में बढ़ते फायर सेफ्टी रिस्क को लेकर चिंता जताई है और नगर निगम तथा बिजली विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।