छत्तीसगढ़ संपर्कक्रांति एक्सप्रेस में बम की सूचना से मचा हड़कंप, झांसी में खाली कराई गई ट्रेनज् जांच में कुछ भी नहीं मिला
झांसी। हजरत निजामुद्दीन दिल्ली से दुर्ग के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को दिल्ली से छूटने के बाद रात को किसी ने लखनऊ के रेलवे कंटोल रूम नम्बर 139 को सूचना दी कि छत्तीसगढ़ सम्पर्क क्रान्ति एक्सप्रेस में बम रखा है। बम होने की सूचना से रेलवे महकमें में हड़कंप मच गया। रेलवे का अमला सतर्क हो गया और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गयी। ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से निकलने के बाद अगले स्टापेज झांसी पहुंची तो पूरी ट्रेन खाली करवाकर जांच कराई गई। ट्रेन में कहीं भी कोई संदिग्धस वस्तु नहीं मिली। फिलहाल रेलवे पुलिस सूचना देने वाले की तलाश कर रही है।
बता दें हजरत निजामुद्दीन से चलकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जाने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12824) हजरत निजामुद्दीन से अपने निर्धारित समय शाम 5.55 की जगह 6.01 बजे रवाना हुई। इसके 10 मिनट बाद ही 139 पर किसी ने सूचना दी कि ट्रेन के स्लीपर कोच में बम है। चुंकि ट्रेन दिल्ली से छूट गई इसलिए अगले स्टापेज 403 किमी दूर झांसी में ट्रेन को रोका गया। ट्रेन में 1700 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे। झांसी में एसपी जीआरपी विपुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भी सिविल पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्लेटफार्म खाली कराकर यात्रियों को उतार की गई जांच
ट्रेन के आने पहले ही रेलवे पुलिस ने प्लेटफार्म नम्बर 2 और 3 खाली कराकर यात्रियों को उतारकर दूसरे प्लेटफार्म की ओर डायवर्ट कर दिया। जैसे ही ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पर खड़ी हुयी, तत्काल इंजन के बाद वाले कोच से तलाशी अभियान शुरू हो गया। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों की तलाशी ली जाने लगी। कोच के अन्दर भी तलाशी ली गई।
यात्रियों का सामान भी चेक किया गया। इस दौरान रेलवे का डॉग स्क्वॉड भी पूरी तरह सतर्क रहा। ट्रेन के झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही डॉग स्क्वॉड के जरिये हर उस शख्स की सघन तलाशी ली गयी, जो सन्दिग्ध नजर आ रहा था। कोच चेक होने के बाद जहां कुछ नहीं मिला। इसेक बाद लगभग एक घंटे की देरी से रात 12:30 बजे ट्रेन को झांसी से रवाना किया गया।