छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 16 ट्रेनें कैंसिल, 16 अगस्त से 24 दिन तक नहीं चलेंगी गाडिय़ां, बिहार-गुजरात, महाराष्ट्र, हैदराबाद जाने वाले यात्री होंगे परेशान
रायपुर। रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली 16 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। वहीं, कई गाडिय़ां बदले हुए रूट से चलाई जाएंगी। जबकि, कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। बिलासपुर रेलवे जोन के चक्रधरपुर मंडल के झारसुगड़ा यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग काम के चलते 16 अगस्त से 10 सितंबर तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा, जिसके चलते यात्री ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं।
इससे बंगाल, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। रेल प्रशासन ने बताया यार्ड के आधुनिकीकरण के लिए 24 दिनों तक कार्य किया जाएगा, जिसके चलते यात्री ट्रेनों को कैंसिल किया गया है।
नहीं की गई वैकल्पिक व्यवस्था
रेलवे के इस फैसले से महीनों पहले रिजर्वेशन करवा चुके यात्री भी परेशान होंगे। रेलवे ने यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की है। पैसेंजर यात्रा शुरू करने से पहले नई ट्रेन समय सारणी और किसी भी बदलाव के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से संपर्क कर सकते हैं।