Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में ईडी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: रायपुर से लेकर जगदलपुर तक हाईवे ठप, व्यापारियों ने नहीं दिया साथ

chaccka

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीति फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में आज कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में चक्का जाम कर दिया है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभागों में पार्टी कार्यकर्ता सुबह से सड़कों पर उतर आए हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में श्रीराम मंदिर चौक,धरसींवा और धनेली में नेशनल हाईवे ब्लॉक कर दिया है। बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक रोक दिया गया है, जिससे रायपुर-बिलासपुर मार्ग बाधित हो गया है। जगदलपुर में आमागुड़ा चौक और धमतरी में एनएच 30 पर कांग्रेसियों ने जाम लगाया।

रायगढ़ और दुर्ग में भी सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

रायगढ़ में कोटरा रोड ओवर ब्रिज के पास कांग्रेसियों ने ट्रक और मालवाहक वाहनों को रोका और सड़क पर बैठकर ईडी के खिलाफ नारेबाजी की। दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा 6 स्थानों पर चक्का जाम किया गया है।

भीषण गर्मी और जाम की स्थिति को देखते हुए स्कूल बसों और एंबुलेंस को इस बंद से छूट दी गई है। हालांकि आम नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।