कपिल शर्मा शो देखते मिला विज्ञापन, 36,00,000 गंवाए
भिलाई। सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा शो देखने के दौरान एक भ्रामक विज्ञापन के झांसे में आकर भिलाई के एक सिविल कांट्रेक्टर ने 35.90 लाख रुपये गंवा दिए. पीडि़त, सेक्टर-8 निवासी आर. रूपेश (53) ने भिलाई नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कैसे हुआ ठगी का शिकार?
रूपेश ने बताया कि 7 अप्रैल 2025 को वह फेसबुक पर कपिल शर्मा शो की एक रील देख रहे थे, जिसमें एक अभिनेत्री ‘ट्रेड फिनब्रिज कैपिटल’ नामक कंपनी का प्रचार कर रही थी. उत्सुकता में उन्होंने कंपनी को गूगल पर सर्च किया.
मात्र 10 मिनट में एक महिला, जो खुद को कंपनी की प्रतिनिधि ‘क्वांटम राधिका’ बता रही थी, ने कॉल किया और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया. शुरुआत में 26,000 रुपये निवेश करने को कहा गया. रूपेश ने भरोसा कर 25,704 रुपये एचडीएफसी बैंक के जरिए मुकुल पाठक के खाते में जमा किए.
इसके बाद ठगों ने उन पर लगातार अधिक रकम निवेश करने का दबाव डाला. 12 मई से 4 जुलाई और 24-25 जुलाई के बीच अलग-अलग किस्तों में 50,000 से 2 लाख रुपये तक की राशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराई गई. कुल 35,90,880 रुपये की ठगी हुई.