Google Analytics —— Meta Pixel

कैबिनेट मंत्री बने गजेंद्र यादव का दुर्ग में किया गया भव्य स्वागत, यादव ने कहा-सपनों को साकार करने की राह में जनता का विश्वास सबसे बड़ा संबल है

ahiwara

दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक रहा। दुर्ग जिले से आने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता एवं स्कूल शिक्षा एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने रायपुर स्थित राजभवन में कैबिनेट मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्रीगण और वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। गजेन्द्र यादव ने शपथ के बाद कहा कि “सपनों को साकार करने की राह में जनता का विश्वास सबसे बड़ा संबल है। नई दिशा और नए संकल्प के साथ वे शिक्षा और विधायी व्यवस्था को नई दिशा देंगे।

शीर्ष नेतृत्व का आभार

अपने संबोधन में मंत्री गजेन्द्र यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और सभी वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के मार्गदर्शन और जनता के विश्वास के साथ वे शिक्षा और विधायी व्यवस्था को नई दिशा देंगे।

मुख्यमंत्री से मुलाकात और आशीर्वाद शपथ लेने के बाद गजेन्द्र यादव सीधे मुख्यमंत्री निवास पहुँचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की शिक्षा, कौशल विकास और पारदर्शी विधायी व्यवस्था में उनके प्रयास राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।

कार्यकर्ताओं और परिवार से मुलाकात इसके बाद गजेन्द्र यादव रायपुर सर्किट हाउस पहुँचे। यहाँ बड़ी संख्या में दुर्ग जिले के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहले से मौजूद थे। सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। यादव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे दुर्ग और छत्तीसगढ़ के भाजपा परिवार की है। शाम करीब 5 बजे वे अपने गृहग्राम अहिवारा पहुँचे। गाँव पहुँचने पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले अपने पिता बिसरा राम यादव और गाँव के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद परिवारजन और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अपने भाव साझा किए।