सूर्या माल स्थित स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश, 7 संचालिकाएं गिरफ्तार
दुर्ग। भिलाई के सूर्या माल क्षेत्र में संचालित अवैध स्पा एवं ब्यूटी सेंटरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी स्मृति नगर भिलाई गुरविन्दर सिंह संधू के नेतृत्व में मंगलवार को देर शाम स्पा और ब्यूटी सेलून पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 7 महिला संचालिकाओं को गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है।
पहले भी दी गई थी चेतावनी जानकारी के अनुसार, सूर्या माल स्थित कई स्पा और ब्यूटी सेंटरों पर पूर्व में भी पुलिस द्वारा छापेमारी की गई थी। उस समय संचालिकाओं को शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार के अवैध कार्य में संलिप्त न रहने की हिदायत दी गई थी। साथ ही मंगलवार को छुट्टी का दिन होने से सभी सेंटर बंद रखने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके संचालिकाओं ने नियमों की अनदेखी करते हुए सेंटरों का संचालन जारी रखा।
ये सभी सेंटर मंगलवार को संचालित पाए गए जबकि शासन के नियमों के अनुसार इस दिन इन्हें बंद रखना अनिवार्य था। पुलिस और संचालिकाओं के बीच हुआ विवाद चेकिंग के दौरान पुलिस स्टाफ और गवाहों के सामने संचालिकाओं ने विवाद और बहसबाजी भी की। बताया जाता है कि उनकी हरकतों से मौके पर मौजूद लोगों के बीच माहौल बिगडऩे लगा। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी संचालिकाओं को हिरासत में लिया और सुपेला थाने में प्रकरण दर्ज किया।