दुर्ग में स्कूल शिक्षा और विधायी मंत्री गजेंद्र यादव का ऐतिहासिक स्वागत, मां कुडस्वरूपा चंडिका के किए दर्शन
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री का आज दुर्ग आगमन पर भव्य स्वागत हुआ। पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद पहली बार गृह नगर पहुंचे मंत्री ने माँ कुंडस्वरूपा चंडिका के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने देवी से प्रदेश की जनता की खुशहाली, विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की।
मंत्री ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सेवा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि माँ की कृपा और जनता के आशीर्वाद से ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। अब वे पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ प्रदेश की सेवा करेंगे।
माँ कुंडस्वरूपा चंडिका के दर्शन के बाद मंत्री का उनके आगमन पर पूरे दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कुम्हारी से लेकर दुर्ग शहर तक ( कुम्हारी, चरोदा, भिलाई 3, खुर्सीपार, पावर हाउस, सुपेला, नेहरू नगर, सर्किट हाउस, मालवीय चौक, ग्रीन चौक, अग्रसेन चौक, शिक्षक नगर, चंडी मंदिर, गंजपारा, भाजपा कार्यालय, शनिचरी बाजार, तहसील चौक, केलाबाड़ी, कसारिडीह, महाराजा चौक) जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और नागरिकों ने मंत्री गजेंद्र यादव का फूलों की बारिश कर स्वागत किया। बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी के साथ पूरे मार्ग में जुलूस का माहौल उत्सव मय बना रहा। रैली में मंत्री यादव ने वाहन से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।
==