Google Analytics —— Meta Pixel

ढाबा संचालक से पैसों की लेनदेन पर हुई चाकूबाजी, एक की मौत, एक गंभीर

dhaba

दुर्ग। अहिवारा क्षेत्र के ढाबा में आपसी विवाद और गुस्सा हत्या की वजह बना. अहिवारा में ढाबे पर पैसों की लेन-देन को लेकर विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गांव में रविवार देर रात हुई चाकूबाजी की वारदात में एक युवक की मौत हो गई. वहीं एक की हालत गंभीर है. मृतक का नाम जासीम सिद्दीकी है. वहीं घायल का नाम संदेश गुप्ता है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जासीम सिद्दीकी और घायल संदेश गुप्ता ने कुछ समय पहले आशुतोष कुमार के ढाबे के निर्माण के लिए गिट्टी और रेत की सप्लाई की थी. इस सप्लाई के करीब 2 लाख रुपए का भुगतान बकाया था.

जमकर हुई कहा-सुनी

इसी रकम की मांग करने के लिए रविवार देर शाम जासीम और संदेश ढाबा पहुंचे थे. ढाबे पर पहुंचकर जब उन्होंने अपना बकाया मांगा तो आशुतोष कुमार भड़क गया. उसने पैसे देने से इनकार कर दिया और दोनों से कहासुनी करने लगा.मौके पर स्थिति बिगड़ती गई और बहस बढऩे पर आशुतोष ने ढाबे में रखी एक चाकू उठाकर जासीम और संदेश पर एक के बाद एक कई वार कर दिए.

रास्ते में तोड़ा दम

चाकू के हमले से जासीम और संदेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सुयश अस्पताल ले जाया गया. जासीम की हालत नाजुक होने पर उसे रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. नंदनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने घटनास्थल से चाकू भी बरामद कर लिया है. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को वार करते हुए देखा जा सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है.