बारिश का दौर जारी: बाढ़ की चपेट में कई जिले, 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी है। जिसके कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ के 1 जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज और 4 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तो चलिए जानते हैं छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में आज का मौसम कैसा रहेगा (Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega)?
छत्तीसगढ़ के इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज जारी किया है। छत्तीसगढ़ के 4 जिले नारायणपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बालोद में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी के साथ ही अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। साथ ही कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा। ऐसे में छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश के आसार है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हो रही है। जिसके कारण मौसम सुहावना हो गया है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा छत्तीसगढ़ के पांच जिलों का तापमान
- रायपुर- अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर- अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस
- अंबिकापुर- अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर- अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 23. डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग- अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, बस्तर, बीजापुर और सुकमा में बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। लगभग 200 से ज्यादा मकान बाढ़ में ढह गए। जिसके कारण कई परिवार प्रभावित हो गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को दंतेवाड़ा और बस्तर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात की साथ ही राहत कार्यों की जानकारी ली।