पति के अवैध संबंध से परेशान पत्नी ने की थी खुदकुशी , पति समेत 4 गिरफ्तार
दुर्ग। मोहन नगर थाना अंतर्गत महिला प्रीति सिंह की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने पति मुकेश कुमार सिंह, ससुर अमरेश्वर सिंह, सास गिरजा देवी और योगिता दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल प्रीति के पति की पड़ोस में रहने वाली महिला से संबंध थे। इससे तंग आकर उसने ने तीजा वाले दिन घर में सुसाइड कर लिया।
थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि बीते 28 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे गेंदीडबरी मोहन नगर वार्ड 13 निवासी प्रीति सिंह (25 वर्ष) ने कमरे के सीलिंग फैन में दुपट्टा से फांसी लगा ली थी। उसकी शादी साल 2019 में आर्मी के जवान मुकेश सिंह से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। प्रीति को शादी के कुछ दिन बाद ही पति के अफेयर के बारे में पता चला तो झगड़े शुरू हो गए।
बीते 28 अगस्त को प्रीति ने तीज का व्रत रखा था। उस दौरान वाट्सएप स्टेटस से उसे पता चला कि पति की कथित प्रेमिका ने उसकी सास के साथ पूजा की। इस पर प्रीति ने महिला और अपने पति को कांफ्रेंस कॉल किया। महिला ने प्रीति के साथ अभद्रता की। इसे रिकॉर्ड कर उसने अपने मायके भेज दिया, और खुदकुशी कर ली। टीआई के मुताबिक मर्ग जांच में यह बात सामने आई कि मृतका के पति, ससुर, सास गिरजा और महिला लगातार उसे प्रताडि़त कर रहे थे।