बिजली विभाग ने नए कर्मचारी को 11 हजार वोल्ट ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ाया, करंट से झुलसा, हालत गंभीर
दुर्ग। जिले में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। धमधा के ग्राम पगबंधी ठेलका सब स्टेशन से जुड़े लाइनमैन संतोष तिवारी ने महज डेढ़ महीने पहले नौकरी में आए अनुभवहीन कर्मचारी राम वर्मा (32) को 11 हजार वोल्ट के ट्रांसफॉर्मर पर काम करने चढ़ा दिया।
बिना बिजली बंद कराए और बिना किसी सेफ्टी प्रोटोकॉल अपनाए ट्रांसफॉर्मर का डियो और फ्यूज काटकर ट्रांसफॉर्मर निकालने की जिम्मेदारी राम वर्मा को दी गई। इसी दौरान उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल राम वर्मा का इलाज फिलहाल भिलाई के स्पर्श अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने बताया कि, डॉक्टरों के अनुसार उनकी रीढ़ की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है। फेफड़े भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और फिलहाल दोनों पैर काम नहीं कर रहे। हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार इलाज में जुटे हैं।