Google Analytics —— Meta Pixel

झंडा विवाद: प्रधान आरक्षक और आरक्षक लाइन अटैच, दो व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

machandur

दुर्ग। जिले के मचांदुर गांव में भगवा झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सेना जवान कौशल निषाद के घर भगवा झंडा लगाने के बाद हुए विवाद में शामिल एक प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया गया है और दो व्यक्तियों के खिलाफ एफ आईआर दर्ज की गई है।

ईद मिलादुन्नबी पर झंडा लगाने को लेकर हुआ था विवाद

बता दें कि मचांदुर गांव के जिस मोहल्ले में यह विवाद हुआ वहां मुस्लिम के 40 परिवार हैं, तो वहीं हिंदू समाज के 2 परिवार निवास करते हैं। बीते 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर यहां हरे झंडों की सजावट की गई थी। इस दौरान इस मोहल्ले में निवास करने वाले जवान कौशल निषाद ने भी अपने घर पर भगवा झंडा लगा दिया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों ने झंडा हटाने का अनुरोध किया, लेकिन निषाद परिवार ने झंडा उतारने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस बीच बचाव में जवान की मां के पहुंचने से पुलिस कर्मी वहां से वापस लौटे।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद हिंदू संगठनों और भाजयुमो ने जोरदार विरोध किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ शख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम मचांदूर के उस एरिया में बहुत से मुस्लिम परिवार अवैध रूप से आकर बसे हैं, जिनकी भी जांच करवाकर उचित कार्यवाही की जाए अन्यथा हिंदूवादी संगठन उग्र प्रदर्शन करेगा।

बीते मंगलवार उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “भारत की धर्म-आस्था पर कोई हस्तक्षेप होगा तो आवाज उठेगी। हमारी बात स्पष्ट है कि ध्वज हम वहीं लगाएंगे।” इसके बाद भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जवान के घर पहुंचे और भगवा झंडा फहराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” के नारे लगाए और सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच, दो के खिलाफ एफआईआर

मचांदुर झंडा विवाद में शामिल प्रधान आरक्षक महेश देवांगन और आरक्षक रामकृष्ण दास को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, मामले से जुड़े मोहम्मद खान और असलम खान (पिता राशिद खान) के खिलाफ धारा 296, 351(3) और धारा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा, असलम खान पर धारा 75 के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया है।