Google Analytics —— Meta Pixel

जन्मदिन पार्टी में खूनी संघर्ष, युवक को दोस्तों ने ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या

hatya

भिलाई। सोमवार देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। सरकारी स्कूल परिसर में सेलिब्रेशन के दौरान दोस्तों ने ही मिलकर युवक की पत्थर और ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने 2 नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। घटना नेवई थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, रोशन कुमार उर्फ बेंद्रा रविवार रात करीब 10 बजे दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने घर से निकला था। मरोदा स्टेशन कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल में उसके परिचित नकुल जायसवाल का 17वां जन्मदिन मनाया जा रहा था।

इस पार्टी में करीब 10 से 12 दोस्त शामिल थे। सभी ने साथ मिलकर खाना खाया, बातचीत की और सेलिब्रेशन शुरू हुआ। सेलिब्रेशन में दोस्तों को बर्थडे किक मारने की रस्म शुरू हुई। सारा विवाद यहीं से शुरू हुआ।

सेलिब्रेशन के दौरान अचानक दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, रोशन और उसके साथी पार्टी में बर्थडे ब्वाय के साथ मजाक-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हाथापाई होने लगी। विवाद में नशे की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है।

नेवई पुलिस के अनुसार, रात करीब 11.45 बजे के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आकाश और उसके नाबालिग साथियों ने मिलकर रोशन को पकड़ लिया। रोशन को जमीन पर गिराकर उस पर पत्थर और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पार्टी का माहौल मातम में बदल गया।