छत्तीसगढ़ के अगले मुख्य सचिव होंगे आईएएस विकासशील, एशियन डेवलपमेंट बैंक से हुए रिलीव
रायपुर। 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील अगले मुख्य सचिव होंगे. विकासशील एशियन डेवलपमेंट बैंक मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे। जनवरी 2024 में उन्हें केंद्र सरकार ने तीन साल की अवधि के लिए इस पद पर भेजा था। विकासशील अगले हफ्ते छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं।
विकासशील ने 1994 में भारतीय प्रशासनिक सेवा ज्वाइन की थी। छत्तीसगढ़ कैडर में आते ही उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियाँ निभाईं। वे रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में कलेक्टर रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन में उद्योग, वित्त, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व भी संभाला है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय में वरिष्ठ पदों पर कार्य का अनुभव मिला। जल जीवन मिशन में मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
इस महीने के अंत तक रिटायर होंगे अमिताभ जैन
मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल इस महीने की आखऱिी तारीख को ख़त्म हो रहा है. जून महीने में उन्हें उनके रिटायरमेंट के दिन ही केंद्र सरकार ने तीन महीने का एक्सटेंशन दिया था. अमिताभ जैन को अब एक्सटेंशन दिए जाने की संभावना नहीं है. अगर उनके कार्यकाल को बढ़ाया जाता तो मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन की तरह एक साल का एक्सटेंशन दिया जाता. माना जा रहा है कि अमिताभ जैन रिटायरमेंट के बाद राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त बन सकते हैं.