इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, चूहा मारने की दवाई खाया था, परिजनों ने किया हंगामा
दुर्ग। जिला अस्पताल में इंजेक्शन देने के बाद एक युवक की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सिद्धार्थ नगर में रहने वाले प्रभाष सूर्या (23 साल) ने मंगलवार दोपहर चूहा मारने की दवाई खा ली थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था।
परिजनों का कहना है कि रात तक उसकी हालत स्थिर थी। लेकिन आज सुबह उल्टी कराने का इंजेक्शन देने के बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, अस्पताल के सर्जन ने गैस ना बने इसका इंजेक्शन देने की बात कही है।
मृतक की मां पूजा सूर्या ने बताया कि, मंगलवार दोपहर को उनके बेटे ने चूहा मारने की दवा खा ली थी। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने रात में परिजनों को बताया कि प्रभाष की हालत स्थिर है। लेकिन बुधवार सुबह स्थिति बिगड़ गई।
डॉक्टरों ने उल्टी कराने के लिए इंजेक्शन दिया। इसके कुछ देर बाद युवक की मौत हो गई। इंजेक्शन देने वाली मैडम भी गायब हो गई। डॉक्टर अब नाम भी नहीं बता रहे है। रात भर बेटे ने उनसे बातचीत की थी।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, घटना के बाद पूर्व विधायक अरुण वोरा ने परिजनों से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।