Google Analytics —— Meta Pixel

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मनाई गई पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती: सीएम साय बोले- पंडित दीनदयाल ने लिया था नवीन भारत का संकल्प

dindayal

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाई गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति मंदिर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनकी विचारधारा एकात्म मानववाद आज भी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास और उत्थान की प्रेरणा देती है। उपाध्याय जी का जीवन समर्पण, सादगी और राष्ट्रहित के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके आदर्शों पर चलकर समाजसेवा और राष्ट्रसेवा में सक्रिय योगदान दें।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सपना था कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। उनकी सोच और मार्गदर्शन आज भी सरकार की योजनाओं का आधार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश और आदि शक्ति माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर अंत्योदय के विचार को समाज में मूर्त रूप देने में अपना सक्रिय योगदान देंगे।

रीसेंट पोस्ट्स