मंत्री गजेंद्र यादव ने किया साइकिल वितरण, बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

yadaw

दुर्ग। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए शिक्षा का सशक्त माध्यम बन गई है। इसी क्रम में आज दुर्ग जिले के लिटिया सेमरिया कन्या उच्च माध्यमिक शाला में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए।

मंत्री यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को नई दिशा देने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए विद्यालय तक पहुँचना कठिन हुआ करता था, लेकिन अब साइकिल की सुविधा मिलने से वे सहजता से स्कूल पहुंच पा रही हैं और पढ़ाई में निरंतर प्रगति कर रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध हो। शिक्षा ही वह आधार है जिस पर प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होगा। मंत्री यादव ने इस अवसर पर छात्राओं से आत्मविश्वास और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि साइकिल से केवल यात्रा का साधन ही नहीं मिलता, बल्कि यह आत्मनिर्भरता की राह भी दिखाती है। छात्राओं को इससे शिक्षा के साथ-साथ समय की बचत भी होती है, जिससे वे अन्य गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकती हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, मंडल अध्यक्ष बीरबल पटेल, महामंत्री सूरज देशमुख, मोर्चा अध्यक्ष दिनेश पटेल, महामंत्री राहुल उमरे, सेवा पखवाड़ा सहसंयोजक नकुल साहू, तोरन डहरिया, विद्यालय परिवार, क्षेत्रीय कार्यकत्र्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर मंत्री यादव और जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह की योजनाओं से छात्राओं की उपस्थिति और परिणामों में सकारात्मक सुधार हो रहा है। छात्राओं ने भी साइकिल मिलने पर खुशी जाहिर की और कहा कि अब वे आसानी से विद्यालय आ-जा सकेंगी। साथ ही उनके परिवारों पर भी आर्थिक बोझ कम होगा। छात्राओं ने सरकार और मंत्री को धन्यवाद दिया।

 

रीसेंट पोस्ट्स