कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस : सीएम साय की 12 से 14 अक्टूबर तक मैराथन बैठकें, नए मुख्य सचिव भी रहेंगे शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अक्टूबर में अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक करने जा रहे हैं। ये बैठकें 12 से 14 अक्टूबर तक महानदी भवन में आयोजित होंगी। तीन दिनों तक मुख्यमंत्री अलग-अलग स्तर पर अधिकारियों से बातचीत करेंगे और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
बैठक की शुरुआत 12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस से होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री साय विकास योजनाओं का फीडबैक लेंगे। साथ ही जिलों में आयोजित रजत जयंती समारोहों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। इस बैठक की खास बात यह होगी कि इसमें हाल ही में पदभार संभालने वाले नए मुख्य सचिव विकास शील गुप्ता पहली बार शामिल होंगे।
13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेंगे। इस बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा होगी। उसी दिन मुख्यमंत्री कलेक्टर और डीएफओ के साथ वन और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। आदिवासी समुदायों से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा इस दौरान की जाएगी।
बैठक का अंतिम दिन 14 अक्टूबर गुड गवर्नेंस समिट के नाम रहेगा। इसमें सुशासन से जुड़े मुद्दों और योजनाओं पर मंथन होगा। मुख्यमंत्री अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।
सभी सचिवों को निर्देश दिया गया है कि कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के मुख्य एजेंडा बिंदु मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और सामान्य प्रशासन विभाग के साथ साझा करें। एजेंडा को 6 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा।