छत्तीसगढ़ में चक्रवात मोंथा का असर …रायपुर-बस्तर समेत कई जगह बारिश, पुलिया टूटी, दो ट्रेनें भी रद्द
रायपुर| छत्तीसगढ़ में चक्रवात मोंथा का असर जरूर दिखा, लेकिन अब कमजोर पड़ने लगा है और पश्चिम की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके असर से आज सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। बस्तर से जाने वाली 2 यात्री ट्रेनें आज रद्द की गई हैं। हालांकि कल यानी 31 अक्टूबर के बाद हालात सामान्य हो सकते हैं।
दंतेवाड़ा, बीजापुर, जगदलपुर, सुकमा और नारायणपुर में पिछले 2 दिनों से ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं कई इलाकों में रात में हल्की बारिश भी हुई है। इधर, तूफान के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश तक चलने वाली 2 यात्री ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। 2 ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट की गई हैं। वहीं चक्रवाती तूफान की वजह से छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में झमाझम बारिश हो रही है। इससे केके रेल लाइन पर चिमड़पल्ली के नजदीक भारी बारिश की वजह से लैंड स्लाइड हो गया है।
मौसम विभाग ने आज भी 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, बिलासपुर और जीपीएम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान होने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.3°C माना और न्यूनतम तापमान 19.2°C पेंड्रा रिकॉर्ड किया गया।