राज्योत्सव में सीएम साय ने 14 जवानों को वीरता पदक से किया सम्मानित ,कहा-छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में लिखी है विकास की नई गाथा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राज्योत्सव के चौथे दिन नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राज्योत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थापना के 25 वर्षों में विकास की नई गाथा लिखी है। राज्य ने हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1 नवम्बर को दिनभर नवा रायपुर में रहकर राज्योत्सव का शुभारंभ किया और विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने अपने प्रवास के दौरान राज्य को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। इसके लिए मैं राज्य के तीन करोड़ लोगों की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस जवानों को प्रदान किए वीरता पदक मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल ऑपरेशन में अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले पुलिस के 14 जवानों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपुंजे और शहीद वीरेंद्र कुमार शोरी के परिजनों सहित नक्सल मोर्चे पर जांबाजी के साथ लडऩे वाले पुलिस जवानों धरम सिंह तुलावी, विजय पुनेंग, गोपाल बरदू, रामेश्वर ओयामी, राजूलाल मरकाम, समलूराम सेठिया, तुलाराम ओवासी, मोहन लाल कट्टम, संतोष मोरामी, मनोज यादव, जामुराव तथा निशा कचलाम को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक इंद्र कुमार साहू, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, साहित्य अकादमी संस्कृति परिषद के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम तथा संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य उपस्थित थे।