बिजली बिल बकाया है तो उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट, लेकिन फर्जी लिंक और मैसेज से रहें अलर्ट

cyber-crime-500x279

रायपुर| बिजली आज हर घर की जरूरी जरूरत बन चुकी है। कई बार आर्थिक परेशानी के कारण लोग समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाते, जिससे उस पर सरचार्ज जुड़ता जाता है और बकाया रकम बढ़ जाती है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने बकाया बिल को आसान तरीके से जमा कर सकते हैं।

बिजली विभाग ने चेतावनी दी है कि योजना के नाम पर साइबर ठगी के मामले भी सामने आ सकते हैं। इसलिए लोगों को भुगतान और पंजीयन केवल अधिकृत माध्यमों से ही करना चाहिए। इस योजना का उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है जिनके बिजली बिल लंबे समय से बकाया हैं। योजना के तहत उपभोक्ता अपने बकाया बिल का भुगतान एकमुश्त या किस्तों में कर सकते हैं। इसके लिए पहले पंजीयन कराना जरूरी होता है, जिसके बाद उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार भुगतान का विकल्प चुन सकते हैं।

ऐसे कराएं पंजीयन

  • मोर बिजली एप के जरिए
  • बिजली कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर
  • एटीपी सेंटर में जाकर
  • नजदीकी विद्युत कार्यालय में
  • कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन राशि का भुगतान भी इन्हीं अधिकृत माध्यमों से किया जा सकता है।

बिजली विभाग के अनुसार कई साइबर अपराधी योजना के नाम पर लोगों को फर्जी मैसेज भेज सकते हैं। इससे बचने के लिए व्हाट्सएप, ई-मेल या एसएमएस में आए अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें।  किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। बिजली कंपनी का कोई कर्मचारी नकद भुगतान लेने नहीं आता, इसलिए नकद भुगतान से बचें।  कंपनी के आधिकारिक संदेश केवल “CSPDCL-S” सेंडर आईडी से ही आते हैं।

अगर बिजली बिल, योजना या किसी संदिग्ध मैसेज को लेकर समस्या हो तो उपभोक्ता बिजली कंपनी के टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं।

अपने नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

आधिकारिक वेबसाइट या मोर बिजली एप से जानकारी ले सकते हैं।

बिजली कंपनी का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर लोग साइबर ठगी से बच सकते हैं और समाधान योजना का सुरक्षित तरीके से लाभ उठा सकते हैं।