समता कॉलोनी में लापरवाही का बड़ा मामला: ट्रक की टक्कर से आधी रात से अंधेरे में पूरा इलाका, कार्रवाई नहीं
रायपुर| आज सुबह समता कॉलोनी मेन रोड पर एक बड़ा हादसा हुआ। TMT सरिया से लदा ट्रक रिवर्स लेते समय बिना खलासी (हेल्पर) के चल रहा था, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सीधे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया और पूरे इलाके की बिजली रात से ही बंद है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के कई घंटे बाद भी ट्रक मौके से नहीं हटाया गया है। संबंधित थाना प्रभारी (TI) को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक की हालत देखकर यह भी संदेह हो रहा है कि उसके पास फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है, तो यह ट्रक रिहायशी इलाके में कैसे पहुंचा?
प्रशासन की इस लापरवाही से लोगों में आक्रोश है और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने और अवैध रूप से प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।