राजधानी रायपुर फिर दहली: देर रात चाकू से हमला, 16 वर्षीय किशोर की मौत

chaku hatya

रायपुर| राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 16 वर्षीय कुश बाघ के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने कुश बाघ के गर्दन पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिविल लाइन थाना का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।

डीसीपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू ने थाने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिजनों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बताया जा रहा है कि काशीराम नगर इलाके के बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में सिविल लाइन थाना पुलिस जुट गई है, और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात में कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है, हालांकि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।